17.5 C
Dehradun, IN
October 19, 2026
Rashtra Purodha
अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में दिनदहाड़े 70 वर्षीय महिला की घर में घुसकर हत्या, करीबी पर पुलिस का शक

डालनवाला की एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में वारदात, चेहरे पर मिले खरोंच के निशान; घर का सामान सुरक्षित मिलने से बढ़ा संदेह

देहरादून। शहर के पॉश इलाके डालनवाला स्थित एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े एक 70 वर्षीय महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रेखा बंसल के रूप में हुई है। वह कारोबारी दिनेश बंसल की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित गांधी स्कूल के सामने बंसल बुक स्टोर नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह अपने घर से दुकान के लिए निकल गए थे। उस समय उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य कांवली रोड स्थित आवास में रहते हैं।

बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे रेखा बंसल ने अपनी बेटी से फोन पर बातचीत की थी। इसके कुछ देर बाद उनके पति ने भी उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार को चिंता हुई। शाम के समय पड़ोसी ने घर जाकर देखा तो रेखा बंसल बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर महिला को मृत पाया गया।

चेहरे पर मिले खरोंच के निशान

पुलिस के प्रारंभिक निरीक्षण में महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। हालांकि, घर का सामान व्यवस्थित और सुरक्षित मिला है। बिस्तर की चादर पर भी संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्यारे ने महिला को संभलने या विरोध करने का मौका नहीं दिया और वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गया।

परिचित के शामिल होने की आशंका

पुलिस को सबसे ज्यादा संदेह इस बात से है कि हत्यारा घर में आसानी से दाखिल हुआ। इसी आधार पर पुलिस इस घटना में किसी परिचित या करीबी व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के दौरान पति दिनेश बंसल ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर जांच की दिशा तय की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रेखा बंसल के घर पर गुरुवार को कौन-कौन लोग आए थे और परिवार के परिचितों में से किसकी उस समय घर तक पहुंच हो सकती थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घटना को लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। परिवार से मिली महत्वपूर्ण जानकारी और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts

देहरादून में जिला योजना समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों को मिले प्रमाण पत्र; विकास कार्यों को गति देने का आह्वान

Rashtra Purodha

ऑनलाइन गेमिंग में मुनाफे का लालच देकर 1.77 करोड़ की साइबर ठगी, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

Rashtra Purodha

वन्यजीव सप्ताह-2026 का शुभारंभ: सीएम धामी ने वन्यजीव संघर्ष में साहस दिखाने वाले 18 लोगों को ₹51-₹51 हजार देने की घोषणा की

Rashtra Purodha

Leave a Comment