15 C
Dehradun, IN
November 30, 2026
Rashtra Purodha
उत्तराखंड

हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू, 2027 चुनाव का शंखनाद

हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मंथन किया जा रहा है। भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए संगठन के सभी मोर्चों को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। प्रदेश कार्यसमिति से कार्यकर्ता नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प को लेकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सशक्त बनाते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा, “चेहरा भाजपा होगी। प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे।”

बैठक में सभी मोर्चों को एक-एक लाख कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही अन्य दलों से भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी भी मोर्चों को सौंपी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शाम को हरिद्वार पहुंचकर बैठक में शामिल होंगे। वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हो रही भाजपा की यह विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हरिद्वार से भाजपा ने आगामी चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है।

Static 1

Related posts

गढ़ी कैंट में 30 अक्टूबर से सजेगा गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

Rashtra Purodha

भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवती की मौत

Rashtra Purodha

खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त हुई सरकार, UPES की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण

Rashtra Purodha

Leave a Comment