17.5 C
Dehradun, IN
October 19, 2026
Rashtra Purodha
उत्तराखंड

रामनगर में भीषण सड़क हादसा, राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

शादी के महज चार महीने बाद नैनीताल घूमने निकले दंपती की खुशियां मातम में बदलीं, पीरूमदारा में 22 टायरा डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा पीरूमदारा क्षेत्र में रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच हुआ। दोनों की शादी महज चार महीने पहले हुई थी और वे स्कॉर्पियो से नैनीताल घूमने जा रहे थे। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी डॉ. शीतल यादव के साथ 2 अक्टूबर की देर रात काशीपुर और रामनगर होते हुए नैनीताल के लिए निकले थे। इसी दौरान पीरूमदारा के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे उपखनिज से लदे 22 टायरा डंपर (HR 38 AC 4554) से जोरदार भिड़ंत हो गई।

यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक ओवरटेक करने के प्रयास में गलत दिशा में आ गया था। तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने सामने से उनकी स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई और यतीश व उनकी पत्नी वाहन के नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल डॉ. शीतल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

यतीश यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ ही एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव पेशे से चिकित्सक हैं। दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। वे साथ में नैनीताल घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने उनकी यात्रा को कभी न भूलने वाले दुख में बदल दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। यतीश के पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि यतीश यादव के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।

Related posts

उत्तराखंड: 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता, शिक्षा विभाग को निर्देश जारी

Rashtra Purodha

खाद्य मिलावट पर दून प्रशासन का बड़ा एक्शन, 21 सैंपल लिए; 3 किलो बासी लड्डू मौके पर नष्ट

Rashtra Purodha

सीएम धामी ने कंटेंट क्रिएटर्स से किया संवाद, उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने का किया आह्वान

Rashtra Purodha

Leave a Comment