17.5 C
Dehradun, IN
October 19, 2026
Rashtra Purodha
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।

15 अक्टूबर को 12 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। 15 अक्टूबर को बारिश का अधिक प्रभाव गढ़वाल मंडल में देखने को मिल सकता है, जबकि 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 15 अक्टूबर के लिए ऊधम सिंह नगर और चंपावत को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है।

बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का ताजा पूर्वानुमान देखने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि बीते दिनों भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई थी, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में मौसम के एक बार फिर बदलने से किसानों और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों की चिंता बढ़ सकती है।

Related posts

नगर निगम ऋषिकेश में निर्माणाधीन भवन, पार्किंग एवं विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न

Rashtra Purodha

ऋषिकेश को खेल क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात, बैराज कॉलोनी में शहर के प्रथम इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का शुभारंभ

Rashtra Purodha

पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को मुख्यमंत्री ने प्रदान किए नियुक्ति पत्र

Rashtra Purodha

Leave a Comment