17.5 C
Dehradun, IN
October 19, 2026
Rashtra Purodha
उत्तराखंड

हल्द्वानी में फर्जी ‘आर्मी मेजर’ गिरफ्तार, AI से बनाई सेना की वर्दी में तस्वीरें; युवतियों को प्रभावित करने के लिए रचा पूरा खेल

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर फर्जी पहचान बनाने वाले एक युवक को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित सिंह मेहता के रूप में हुई है। आरोप है कि युवक ने सेना की वर्दी में अपनी मॉर्फ्ड तस्वीरें और फर्जी आर्मी आईडी सोशल मीडिया पर प्रदर्शित कर खुद को सेना का अधिकारी बताया।

मामले का खुलासा मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद हुआ। जानकारी मिली थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के पैरा स्पेशल फोर्स के मेजर के रूप में अपनी पहचान पेश कर रहा है और सेना की वर्दी वाली तस्वीरें एवं फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच में युवक के भारतीय सेना में अधिकारी होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस ने मामले की जानकारी नैनीताल पुलिस को दी।

एसओजी ने लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल की एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन और उनकी टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो हल्द्वानी में मिली।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हल्द्वानी स्थित बिरला ओपस पेंट के गोदाम में काम करता है। इसके बाद एसओजी टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

AI की मदद से तैयार करता था सेना की वर्दी वाली तस्वीरें

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल की थीं। इसके बाद AI तकनीक की मदद से मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कर उनमें अपना चेहरा जोड़कर खुद को सेना का अधिकारी दिखाया।

आरोप है कि इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर वह खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताता था।

फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था। वह सेना के अधिकारी के रूप में अपनी फर्जी पहचान और तस्वीरों का इस्तेमाल कर महिलाओं को आकर्षित करने का प्रयास करता था।

दो मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद

एसओजी ने आरोपी के कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो एवं वीडियो और एक फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आईडी कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी जेल भेजा

नैनीताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण करने, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने समन्वय के साथ कार्रवाई की। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के जरिए खुद को पैरा कमांडो और सेना का अधिकारी बताकर तस्वीरें अपलोड कर रहा था। पुलिस के अनुसार, वह फर्जी फोटो और वीडियो के माध्यम से महिलाओं को आकर्षित करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related posts

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ देहरादून प्रशासन सख्तः 50 सेक्टर अधिकारियों ने संभाली निगरानी की कमान

Rashtra Purodha

हरिद्वार में ₹10 हजार की रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

Rashtra Purodha

रुद्रप्रयाग में पांच दिन में बदला सियासी रुख, भाजपा छोड़ कांग्रेस में लौटे ग्यालू लाल

Rashtra Purodha

Leave a Comment