17.5 C
Dehradun, IN
October 19, 2026
Rashtra Purodha
उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा भव्य दशहरा मेला, 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन

हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में होगा आयोजन, मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतलों के साथ लंका दहन भी होगा; आकर्षक आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे मुख्य आकर्षण

देहरादून। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व को लेकर राजधानी देहरादून में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार, 20 अक्टूबर को लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन तथा लंका दहन भी किया जाएगा।

लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी पिछले कई वर्षों से दशहरा मेले का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी मेले को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। संस्था के मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बंसल और महामंत्री प्रदीप दुग्गल ने बताया कि प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का निर्माण किया गया है। इस बार रावण के पुतले को जोधपुरी अचकन और सिल्क की धोती पहनाई गई है।

मुख्यमंत्री धामी सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बंसल ने बताया कि दशहरा मेले में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संस्था के संरक्षक एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित विभिन्न मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में रावण दहन किया जाएगा।

आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

इस वर्ष दशहरा मेले में आकर्षक आतिशबाजी के साथ विशेष लाइट एवं साउंड इफेक्ट्स की व्यवस्था की गई है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा मेले में खान-पान, झूलों और खिलौनों के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे।

आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए रावण के साथ मेघनाद, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और ताड़का के पुतले भी तैयार किए गए हैं। मैदान में दर्शकों के बैठने के लिए सोफे और कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपने परिवार के साथ मेले का आनंद ले सकें।

सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम

आयोजन समिति के अनुसार, मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान में बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा भी की गई है। इसके साथ ही मेले में आने वाले लोगों के लिए पेयजल और अग्निशमन विभाग की व्यवस्था भी की गई है।

सिद्धार्थ बंसल ने शहरवासियों से सपरिवार दशहरा मेले में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी लोग उत्साह और उल्लास के साथ दशहरा पर्व मना सकें।

Related posts

एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले बॉक्सर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट।

Rashtra Purodha

उत्तराखंड के नए राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन, गुरमीत सिंह की लेंगे जगह

Rashtra Purodha

सिमली बेस अस्पताल की मांग पर तेज हुआ आंदोलन, 20 अक्टूबर को CM आवास का घेराव

Rashtra Purodha

Leave a Comment